DTU (डीटीयू) में तीन नए बीटेक कोर्सों की शुरुआत
दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (DTU) अब देश की सुरक्षा को मजबूत करने के साथ-साथ छात्रों को भविष्य की तकनीक से लैस करने जा रहा है।
विश्वविद्यालय ने भारतीय सेना के साथ एमओयू किया है, जिसके तहत स्वदेशी रिसर्च और उन्नत सेंसर के जरिए सेना के पुराने हथियारों को आधुनिक बनाया जाएगा। कुलपति प्रो. प्रतीक शर्मा ने शुक्रवार को बताया कि इसके साथ ही नए अकादमिक सत्र 2026-27 से कई बड़े बदलाव और नए कोर्स शुरू होने जा रहे हैं।
नए कोर्स और दाखिला प्रक्रिया
सत्र 2026-27 से कंप्यूटर साइंस में एआई, मैकेनिकल व ऑटोमेशन, और क्वांटम टेक्नोलॉजी में बीटेक कोर्स शुरू होंगे। प्रत्येक में 60 सीटें होंगी और दाखिले जेईई मेन्स के स्कोर पर होंगे।
अत्याधुनिक विकल्प
इसी सत्र से डेटा साइंस व एप्लाइड स्टैटिस्टिक्स में दो इंटीग्रेटेड बीएससी-एमएससी कोर्स शुरू हुए हैं। साथ ही, ह्यूस्टन यूनिवर्सिटी के साथ पांच वर्षीय संयुक्त बीटेक-एमएस कोर्स और बीटेक के साथ इकोनॉमिक्स में ‘डबल मेजर ट्रैक’ (मशीन लर्निंग फॉर इकोनॉमिक्स, गेम थ्योरी आदि) का विकल्प भी मिलेगा। साथ ही, चुनिंदा यूजी और पीजी कोर्सों में एकल छात्राओं के लिए विशेष कोटा शुरू किया गया है।
9वीं के लिए सर्टिफिकेट कोर्स
कक्षा 9वीं के छात्रों के लिए एप्लाइड एआई, डेटा एनालिटिक्स व एंटरप्रेन्योरशिप में 6 सप्ताह का कार्यक्रम शुरू किया गया है, जिससे उन्हें 3 अकादमिक क्रेडिट मिलेंगे।