लखनऊ के बीबीडी परिसर में आयोजित वार्षिकोत्सव 'उत्कर्ष-2026' का आयोजन दिनाँक 26-28 फरवरी तक किया गया
लखनऊ के बीबीडी परिसर में आयोजित वार्षिकोत्सव 'उत्कर्ष-2026' का आयोजन दिनाँक 26-28 फरवरी तक किया गया। डॉ. अखिलेश दास गुप्ता ऑडिटोरियम में हुए इस आयोजन में छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंग, रोशनी और संगीत के बीच सभागार देर तक तालियों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि अलका दास गुप्ता, बीबीडी ग्रुप के प्रेसीडेंट एवं प्रो-चांसलर विराज सागर दास, डायरेक्टर एडीजी स्कूल देवांशी दास और वाइस प्रेसीडेंट सोनाक्षी दास ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। छात्राओं ने गणेश वंदना नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बनाया। 'विरासत से विकास तक' थीम पर कल्चरल फेस्ट ने भारत की सांस्कृतिक परंपरा से लेकर आधुनिक उपलब्धियों तक की यात्रा को मंच पर जीवंत किया। इस प्रस्तुति को दर्शकों ने खूब सराहा।
शैक्षणिक संस्थान प्रतिभा और नवाचार का मंच
मुख्य अतिथि अलका दास गुप्ता ने कहा कि 'उत्कर्ष-2026' ने यह साबित किया है कि बीबीडी केवल एक शैक्षणिक संस्थान नहीं, बल्कि प्रतिभा और नवाचार का जीवंत मंच है। उन्होंने जोर दिया कि पुरस्कार जीतना महत्वपूर्ण है, लेकिन मंच पर आकर खुद को अभिव्यक्त करने का साहस उससे भी बड़ा है।
उन्होंने भारत की विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि योग, शून्य, आर्यभट्ट से लेकर चंद्रयान तक, भारत ने विरासत और विकास का अद्भुत समन्वय प्रस्तुत किया है।
संस्थापक डॉ. अखिलेश दास गुप्ता को श्रद्धांजलि देते हुए अलका दास गुप्ता ने बताया कि 1997 में स्थापना के बाद से संस्थान निरंतर प्रगति कर रहा है। वर्तमान में यहां 25 हजार से अधिक छात्र अध्ययनरत हैं। संस्थान में इन्क्यूबेशन सेंटर, एलुमनी पोर्टल और ईआरपी प्रणाली जैसे नवाचार विकसित किए जा रहे हैं। छात्रों को इंटर्नशिप और व्यावहारिक अनुभव के व्यापक अवसर भी मिल रहे हैं।
प्रतिभाशालियों को मिला उत्कृष्ट सम्मान
'उत्कर्ष-2026' में अतुल्या सिंह को मिस उत्कर्ष और दीपांशु यादव को मिस्टर उत्कर्ष चुना गया। ओवरऑल चैम्पियनशिप ट्रॉफी बीबीडी यूनिवर्सिटी को प्रदान की गई। मुख्य अधिशासी निदेशक आर.के. अग्रवाल, वाइस चांसलर प्रो. एस.के. श्रीवास्तव, प्रो वाइस चांसलर डॉ. एस.सी. शर्मा, रजिस्ट्रार डॉ. सुधर्मा सिंह और मुख्य संयोजक डॉ. एस.एम.के. रिजवी सहित सभी पदाधिकारियों के प्रयासों की सराहना की गई।